नेपाल में आपदा: छत्तीसगढ़ के 9 नागरिकों की जानकारी मिली, 2 अब भी लापता; रायपुर के 5 सुरक्षित लौट रहे

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

रायपुर। नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां मौजूद प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर सरकार लगातार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटा रही है। अब तक 9 नागरिकों की स्थिति सामने आई है। इनमें 2 के परिजनों से संपर्क हो चुका है, रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित लौट रहे हैं, जबकि बिलासपुर की प्रियंका चौधरी और सुरगुजा की डॉ. मीना गुप्ता के लापता होने की सूचना है।

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क

रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। बाढ़ के बाद उनसे संपर्क टूटने की जानकारी सामने आई थी। अब प्रशासन ने उनके परिजनों से संपर्क स्थापित कर लिया है। उनकी स्थिति के संबंध में एजेंसियों से जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं, बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी, जो कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं, उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क हो गया है। प्रशासन उपलब्ध जानकारी का सत्यापन कर रहा है।

बिलासपुर की प्रियंका और सुरगुजा की डॉ. मीना लापता

बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। उनके परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी तलाश की जा रही है।

वहीं, सुरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, के भी लापता होने की सूचना है। उनका अंतिम ज्ञात स्थान रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय, नेपाल-चीन सीमा बताया गया है।

READ MORE  बलौदाबाजार हिंसा मामले में विधायक देवेंद्र यादव की हाईकोर्ट से जमानत याचिका खारिज 

रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित लौट रहे वापस

रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के संपर्क में सरकार

छत्तीसगढ़ सरकार नेपाल में मौजूद नागरिकों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। साथ ही नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी लगातार समन्वय किया जा रहा है।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि नेपाल गए किसी भी छत्तीसगढ़ निवासी के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें।

हेल्पलाइन नंबर:

टोल फ्री – 1070

कंट्रोल रूम – 0771-2223471

Share this