दुर्ग न्यूज, 27 जुलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत लेबर कैंप भागवत चौक स्थित पत्नी से जीवन भर साथ निभाने का संकल्प लेने वाले पति ने ही उसे मौत के घाट उतार दिया है। आरोपी देश कुमार साहू को पुलिस ने आज ही गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल हत्या की वजह चरित्र पर संदेह बताई जा रही है।
आपको बता दें कि भागवत चौक जामुल निवासी देवकुमार साहू (40 वर्ष) ने देर रात पत्नी चमेली बाई की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि रात में दोनों का विवाद हुआ और उनकी 13 साल की लड़की भी घर में सोई हुई थी। बात बढ़ने पर शराबी पति देवकुमार पत्नी को पीटने लगा। चमेली के विरोध करने पर आरोपी ने समीप पड़े लोटे से चमेली के सिर पर अनेक संघातक वार किए जिससे घर में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जब नशा कम हुआ तो आरोपी जामुल थाना पहुंचा और घटना की जानकारी भी पुलिस को दी।
थाना प्रभारी याकूब मेमन ने बताया कि आरोपी प्रायवेट कंपनी का कर्मचारी है, उसकी पत्नी भी काम पर जाती थी। आरोपी शराब का आदी है तथा चरित्र संदेह को लेकर उसका पत्नी से अक्सर विवाद होता था। कल रात इसी विवाद के बीच उसने लोटे से संघातक वार कर पत्नी की हत्या कर दी। धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
