
दुर्ग न्यूज़, 2 फरवरी। चंदूलाल चंद्राकर मेमोरियल शासकीय मेडिकल काॅलेज एवं हास्पिटल कचांदुर दुर्ग में इलाज हेतु आने वाले मरीजों व उनके परिजनों तथा पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने जिला अरबन पब्लिक सर्विस सोसायटी नगर निगम भिलाई ने बस सेवा प्रारंभ किया है, जो दिन में दो फेरा करेगी। दुर्ग बस स्टैण्ड से सुबह 9 बजे रवाना होकर 10 बजे हास्पिटल कचांदुर पहुंचेगी और 12 बजे हास्पिटल से प्रस्थान कर 1 बजे दुर्ग बस स्टैण्ड आगमन होगा। उसी दिन दूसरा फेरा दोपहर 2 बजे दुर्ग बस स्टैंड से प्रस्थान कर 3 बजे कचांदुर हास्पिटल पहुंचने के पश्चात 4 बजे हास्पिटल से निकल कर शाम 5 बजे दुर्ग बस स्टैण्ड पहुंचेगी। सिटी बस अपने फेरे के दौरान दुर्ग बस स्टैण्ड से प्रस्थान कर मालवीय चौक दुर्ग, नेहरू नगर चौक भिलाई, सूर्यामाॅल चौक जुनवानी, अवंति बाई चौक कोहका, रूंगटा काॅलेज, सरस्वती शिशु मंदिर कुरूद मार्ग से होते हुए चन्दूलाल चंद्राकर हास्पिटल कचांदुर पहुंचेगी तथा वापसी भी इसी मार्ग से होगी।

कचांदुर का शासकीय हास्पिटल शहर से दूर होने के कारण वहां इलाज के लिए आने वाले मरीज व उनके परिजनों तथा वहां अध्ययनरत् छात्र-छात्राओं को आने जाने में परेशानी हो रही थी। सिटी बस के प्रारंभ हो जाने से लोगो को आवागमन में सुविधा होगी।

