
कवर्धाएक घंटा पहले

कवर्धा जिले में सोमवार को एक स्विफ्ट कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक अपनी दोपहिया गाड़ी से ऊपर उछल गया और सड़क पर जा गिरा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है। मामला मोहगांव थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, घायल युवक का नाम लाला कुर्मी है। वह ग्राम रुसे का निवासी है। इधर राहगीरों से मिली सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक का पीछा कर उसे मुंगेली से गिरफ्तार कर लिया गया है। टक्कर मारते ही तेजी से कार ड्राइवर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस की तत्परता के कारण वो पकड़ा गया।

कार ने मारी टक्कर।
जशपुर में भी तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी
जशपुर जिले में भी बुधवार सुबह तीर्थयात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि बस में सवार कुछ लोगों को मामूली चोट आई है। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। मामूली रूप से घायल लोगों को कुनकुरी अस्पताल ले जाया गया। घटना तपकरा थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के मुताबिक, तपकरा थाना क्षेत्र के सिंगीबहार के पास सुबह करीब 6 बजे तीर्थ यात्रियों की बस पहुंची। बस झारखंड से जांजगीर-चांपा के चंद्रपुर की ओर आ रही थी, लेकिन यहां पहुंचते ही वो अनियंत्रित हो गई और सड़क से उतरकर किनारे में पलट गई।

जशपुर में सभी यात्री सुरक्षित निकाले गए।
राहत कि बात ये है कि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। सभी यात्री बेमेतरा जिले के बताए जा रहे हैं। बस में कुल 48 यात्री सवार थे। कुछ यात्रियों ने बताया कि बस चालक को झपकी आने के चलते हादसा हुआ। तपकरा थाना पुलिस ने बताया कि बेमेतरा जिले से तीर्थ यात्री झारखंड के वैद्यनाथ धाम गए थे। वैद्यनाथ धाम में भगवान शिव का ज्योतिर्लिंग है। वहां से दर्शन के बाद सभी लोग जांजगीर-चांपा के चंद्रपुर स्थित मां चंद्रहासिनी के दर्शन के लिए जा रहे थे, लेकिन सिंगीबहार गांव में बस हादसे का शिकार हो गई।
