


दुर्ग। शहर का सबसे बड़ा तीज उत्सव 4 सितबंर को मनेगा। दुर्ग शहर के 60 वार्डों की 10 हजार से ज्यादा महिलाएं उत्सव में शामिल होंगी। मालवीय नगर चौक के पास खालसा स्कूल में पूर्वान्ह 11 बजे तीज मिलन उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, महिला बाल विकास प्रभारी जमुना साहू समस्त कांग्रेस पार्षद छाया पार्षद व शहर कांग्रेस महिला कांग्रेस संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे। अध्यक्षता राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम करेंगी। विशिष्ट अतिथि पूर्व केबिनेट मंत्री रविन्द्र चौबे, ताम्रध्वज साहू श्रीमती अनिला भेडिया व छत्तीसगढ़ वेयरहाउस कॉरपोरेशन के पूर्व चेयरमेन अरुण वोरा मौजूद रहेगें। समारोह में पूर्व विधायक प्रदीप चौबे, प्रतिमा चंद्राकर, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गया पटेल, मिलाई-3 चरोदा निगम महापौर निर्मल कोसरे, भिलाई महापौर नीरज पाल, रिसाली महापौर श्रीमती शशि सिन्हा, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेन्द्र साहू, अखिल भारतीय प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक क्षितिज चंद्राकर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कन्या ढीमर व मदरसा बोर्ड अध्यक्ष अल्ताफ अहमद शामिल होंगे। दुर्ग महापौर धीरज बाकलीवाल व सभापति राजेश यादव ने कहा कि हरितालिका तीज राज्य की महिलाओं और बहनो का सबसे बड़ा त्यौहार है। महिलाओं के सम्मान व उत्साह को बढ़ाने के लिए ही तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में तीज क्वीन, पारंपरिक परिधान प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता, रस्सा खींच प्रतियोगिता गोली चम्मच प्रतियोगिता सहित अन्य विविध कार्यक्रम होंगें।

