बांगो विस्थापितों के समर्थन में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, कोरबा में एक मंच पर दिखे महंत- बैज और सिंहदेव

Share this

 

बांगो। चरणदास महंत, दीपक बैज और टीएस सिंहदेव रविवार को कोरबा जिले के बुका में आयोजित हसदेव बांगो बांध विस्थापितों के महासम्मेलन में एक साथ मंच साझा करते नजर आए। सम्मेलन में बांगो बांध से प्रभावित 52 गांवों के बड़ी संख्या में विस्थापित परिवार शामिल हुए। महिलाओं की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

महासम्मेलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विस्थापितों के अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए बांगो बांध में मछली आखेट और बिक्री का स्वतंत्र अधिकार वापस देने की मांग की। नेताओं ने कहा कि विस्थापित परिवारों की आजीविका वर्षों से प्रभावित हो रही है और सरकार को इस दिशा में गंभीर पहल करनी चाहिए।

विस्थापित परिवारों ने बताया कि वर्ष 1991 में बांध निर्माण के बाद शुरुआती समय में वे स्वयं मछली पकड़कर सरकार को मामूली रॉयल्टी देते थे। इसी व्यवस्था से उनका परिवार चलता था। लेकिन वर्ष 2003 में ठेका प्रथा लागू होने के बाद उनका यह अधिकार समाप्त कर दिया गया। तब से वे लगातार आंदोलन और संघर्ष कर रहे हैं।

राजनीतिक रूप से सम्मेलन को कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि प्रदेश के कई बड़े नेता एक मंच पर मौजूद रहे। हालांकि कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेतृत्व या संगठनात्मक बदलाव को लेकर किसी भी वरिष्ठ नेता ने कोई बयान नहीं दिया।

Share this
READ MORE  महिलाओं के लिए प्रयुक्त अपमानजनक शब्दों के प्रति रोष जताने पत्र लेखन स्पर्धा में ललिता पांडे प्रथम