राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: 8 आरोपियों के घरों पर पुलिस की एक साथ दबिश, परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ

Share this

अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे की धनराशि में कथित चोरी के मामले में पुलिस ने रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी आठ आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस की अलग-अलग टीमें एक ही समय पर आरोपियों के आवासों पर पहुंचीं, जहां परिजनों से पूछताछ की गई और घरों की तलाशी लेकर अहम साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया।

परिजनों और पड़ोसियों से जुटाई जानकारी

पुलिस टीम अनुकल्प मिश्रा, अवनीश शुक्ला, मनीष यादव, टिन्नू यादव समेत अन्य आरोपियों के घरों पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान परिजनों के बयान दर्ज किए गए, वहीं आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर मामले से जुड़ी जानकारी एकत्र की गई। जांच के दौरान स्थानीय लोगों को भी अपने बयान और उपलब्ध साक्ष्य पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपियों के घरों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।

SIT रिपोर्ट के बाद दर्ज हुई FIR

गौरतलब है कि राम मंदिर के चढ़ावे की धनराशि में कथित गड़बड़ी का मामला 6 जून को सामने आया था। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट की सिफारिश पर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। एसआईटी ने दो दिन पहले अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपी, जिसके आधार पर बीते गुरुवार को रामजन्मभूमि थाने में एफआईआर दर्ज की गई।

आठ आरोपी ग‌ए जेल

मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर गणना प्रक्रिया से जुड़े कर्मियों अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्रा, पर्यवेक्षणीय कर्मी सुभाष श्रीवास्तव तथा चंपत राय के चालक रामशंकर उर्फ टिन्नू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।

READ MORE  निलंबित आईएएस रानू साहू , सौम्या, सूर्यकांत समेत अन्य की न्यायिक रिमांड 19 तक बढ़ी

एसआईटी जांच में चोरी का खुलासा

एफआईआर के अनुसार, एसआईटी जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि चढ़ावे की गणना प्रक्रिया में शामिल कुछ कर्मियों ने मंदिर की भेंट और चढ़ावे की धनराशि में चोरी की। जांच में पर्यवेक्षणीय भूमिका निभाने वाले कर्मियों की संलिप्तता भी सामने आने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ भी कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाकर मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।

Share this