दुर्ग बस हादसे में केडिया कंपनी के 15 कर्मचारियों की मौत, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुःख

Share this

दुर्ग न्यूज़, 10 अप्रैल। कल रात करीब 9 बजे केडिया डिस्टलरी के लगभग 27 कर्मचारियों को लेकर कुम्हारी से भिलाई लौट रही बस 20 फीट गहरी मुरम खदान में गिर गई। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर दु:ख जताया है।

प्रशासनिक और कंपनी के अधिकारियों के अनुसार 11 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। बाकी घायलों में से चार ने अस्पताल में दम दोड़ दिया।

शहर पुलिस अधीक्षक (छावनी क्षेत्र) हरीश पाटिल ने बताया कि घटनास्थल के दृश्यों से पता चलता है कि बस नीचे गिरने के बाद पलट गई। डीएम ऋचा प्रकाश चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की हर संभव देखभाल की जा रही है तथा दुर्घटना का कारण जानने के लिए मजिस्ट्रेट जांच होगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हादसे पर दुःख प्रगट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने एक एक्स पोस्ट में कहा कि “छत्तीसगढ़ के दुर्ग में हुआ बस हादसा अत्यंत दु:खद है। इसमें जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। इसके साथ ही मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताते हुए एक्स पोस्ट में कहा कि “छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से अनेक लोगों के हताहत होने का समाचार बहुत दु:खद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं! मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ।”

READ MORE  कैंप का विरोध करने वालों पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां, जंगल में डेरा जमा कर बैठे गांव वाले | Police lathicharged those opposing the camp, the villagers camped in the forest

केडिया डिस्टलरी कंपनी ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, एक सदस्य को नौकरी और घायलों का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की है। कंपनी ने कहा है कि घायलों को एम्स, एपेक्स ओम और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

Share this