भिलाई नगर, 5 जून। दुर्ग लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी व सांसद विजय बघेल को कुल 9 लाख 56 हजार 497 वोट प्राप्त हुए जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी राजेंद्र साहू को 5 लाख 18 हजार 271 मतों से ही संतोष करना पड़ा है। यहां तक कि कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र को स्वयं के वार्ड में भी करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।
दुर्ग लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी के विजय बघेल 4 लाख 38 हजार 226 मतों के अंतर से विजयी हुए हैं जबकि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में 3 लाख 91 हजार 978 मतों की लीड मिली थी। इस बार विजय ने अपने ही रिकार्ड को तोड़ते 46 हजार 248 मतों से अधिक की बढ़त हासिल की है।
आपको बता दें कि दुर्ग लोकसभा की पाटन विधानसभा से विजय बघेल को 97 हजार 607 तो कांग्रेस के राजेंद्र साहू को 72 हजार 424 मत मिले। पाटन विधानसभा में विजय बघेल को 25 हजार 183 मतों से बढ़त मिली है। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में विजय बघेल को 1 लाख 1 हजार 493 तो राजेंद्र साहू को 58 हजार 185 मत प्राप्त हुए। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा की जनता ने विजय बघेल को 43 हजार 308 मतों से लीड दी है। दुर्ग शहर विधानसभा की बात की जाए तो यहां से विजय बघेल को 1 लाख 12 हजार 444 मत की तुलना में राजेंद्र साहू को 41 हजार 70 वोट प्राप्त हुए, यहां से विजय बघेल को कांग्रेस प्रत्याशी की अपेक्षा 71 हजार 374 वोट की बढ़त मिली है। भिलाई नगर विधानसभा से विजय बघेल को 68 हजार 760 वोट जबकि राजेंद्र साहू को 33 हजार 463 वोट मिले। भिलाई नगर से विजय बघेल को 35 हजार 297 मतों की बढ़त मिली है। अहिवारा विधानसभा में विजय बघेल को 1 लाख 15 हजार 356 मत जबकि राजेंद्र साहू को 53 हजार 832 मत मिले। अहिवारा की जनता ने विजय बघेल को 61 हजार 524 मतों की लीड दी है।
साजा विधानसभा से विजय बघेल को कुल 1 लाख 11 हजार 215 मत जबकि राजेंद्र साहू को 74 हजार 950 वोट प्राप्त हुए। साजा विधानसभा की जनता ने विजय बघेल को 36 हजार 265 मतों की लीड दी है। बेमेतरा विधानसभा में विजय बघेल को 1 लाख 15 हजार 77 मत जबकि राजेंद्र साहू को 66 हजार 384 वोट मिले। यहां विजय बघेल को 48 हजार 693 मतों की लीड प्राप्त हुई है। नवागढ़ विधानसभा से विजय बघेल को 1 लाख 11 हजार 867 वोट जबकि राजेंद्र साहू को 71 हजार 415 मत प्राप्त हुए। नवागढ़ विधानसभा के लोगों ने विजय बघेल को 40 हजार 452 मतों की लीड दी है। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में आने वाली कुल नौ विधानसभा में से सर्वाधिक लीड भारतीय जनता पार्टी कै वैशाली नगर विधानसभा से 73 हजार 293 मतों से मिली है। वैशाली नगर विधानसभा में विजय बघेल को कुल 1 लाख 19 हजार 95 मत प्राप्त हुए जबकि कांग्रेस के राजेंद्र साहू को 45 हजार 802 मतों पर ही संतोष करना पड़ा है।
गौरतलब हो कि वैशाली नगर विधानसभा से विधायक रिकेश सेन ने निगम की कुल 37 वार्डों में टीम सहित घर-घर दस्तक दे व्यापक जनसंपर्क किया था नतीजतन दिसंबर महीने में इस विधानसभा से 41 हजार मतों से जीतने वाले भाजपा विधायक रिकेश सेन ने लोकसभा में विजय बघेल को 73 हजार से अधिक की लीड दिलवाई है जो कि वैशाली नगर क्षेत्र और भाजपा के रिपोर्ट कार्ड में विधायक रिकेश सेन के कद को बढ़ा दिया है।
