


रायपुर। आरंग इलाके में 7 जून की दरमियानी रात गौ तस्करी के आरोप हुए मॉब लिंचिंग में 3 युवकों की हत्या कर दी गई थी। घटना के 14 दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से नाराज मुस्लिम समाज बीते शुक्रवार सड़क पर उतर गया और कार्रवाई की मांग की। इस मामले के 15 दिन बाद बीते शनिवार को पुलिस ने एक आरोपी हर्ष मिश्रा को बोरसी दुर्ग से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद अब इस मामले से जुड़े एक दूसरे युवक राजा अग्रवाल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में आगे और भी गिरफ्तारी हो सकती है।
पुलिस के मुताबिक महासमुंद जिले के झलप का रहने वाला आरोपी राजा अग्रवाल घटना के बाद फरार हो गया था और अपना मोबाइल भी बंद कर दिया था। इस दौरान उसने किसी से भी संपर्क नहीं किया। फरारी के दौरान वह महाराष्ट्र बॉर्डर पर ग्राम देवरी में अपने मामा के घर पर छिपा हुआ था। तकनीकी जांच के बाद पुलिस को उसका लोकेशन मिला। जिसके बाद एसआईटी ने घेरेबंदी कर उसे गिरफ्तार किया है।

SIT का किया गठन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कीर्तन राठौर के नेतृत्व में 14 सदस्यीय एक विशेष टीम का गठन कर टीम के सदस्यों को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने निर्देशित किया था। जिस पर विशेष टीम के सदस्यों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी एकत्र करना प्रारंभ किया। पुलिस की टीम ने तकनीकी विश्लेषणों और अन्य माध्यमों से अज्ञात आरोपियों की पतासाजी करना प्रारंभ किया है।
