



भिलाई। ऑनलाइन महादेव सट्टा एप का संचालन दुर्ग जिले में जोरों से चल रहा है। यहां दो लोग खुद को पत्रकार बताकर ऑनलाइन सट्टा एप का संचालन कर रहे थे। उन्होंने पैसों के ट्रांजेक्शन करने के लिए लोगों को धोखे में रखकर फर्जी बैंक खाता भी खुलवाया था। सुपेला पुलिस ने इन दो कथित पत्रकारों सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें दो मुख्य आरोपी फरार हैं।
सुपेला पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इंदिरा नगर गदा चौक सुपेला भिलाई निवासी धीरज महतो पिता मिथलेश महतो (22 साल) ने इनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। धीरज ने पुलिस को बताया कि वह श्रीशंकराचार्य अस्पताल जुनवानी भिलाई के बाहर चाय की दुकान चलाता है। उसकी खुद को पत्रकार बताने वाले गोविंदा चौहान और रविकांत मिश्रा से पहचान हो गई थी।

पुलिस के मुताबिक एसीसीयू और सुपेला पुलिस ने महादेव सट्टा एप चलाने वाले धीरज महतो और मुकेश तांडी को दो दिन पहले गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इन आरोपियों ने बताया कि उनके साथ मिलकर कथित पत्रकार रविकांत मिश्रा और गोविंदा चौहान भी यह काम करते हैं। उनके खाते से लेनदेन उन्हीं दोनों द्वारा किया जा रहा है। पुलिस ने रवि और गोविंदा चौहान सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
सुपेला पुलिस ने कथित पत्रकार गोविंदा चौहान के खिलाफ दुष्कर्म का मामला भी दर्ज किया है। पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि गोविंदा ने मई 2013 से साल 2017 तक उसका शारिक शोषण किया। पीड़िता ने बताया कि गोविंदा उसे काफी समय पहले से जानता था। वो किराय के मकान में रहती थी। मई 2013 में रात को गोविंदा उसके घर आया। पीने के लिए पानी मांगा। जैसे ही वह पानी लेने अंदर गई वह भी अंदर घुस गया और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाये। इसके बाद उसने उससे शादी करने का वादा किया। शादी का वादा करके उसका 5 सालों तक शारीरिक शोषण करता रहा। जब उसने शादी के लिए जोर दिया तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने सुपेला थाने में मामला दर्ज कराया।
