महा गृहप्रवेश उत्सव 30 को, नव वर्ष पर हजारों परिवार न‌ए आवासों में करेंगे प्रवेश

Share this

दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 30 मार्च को महागृह प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह दिन हजारों ग्रामीण परिवारों के सपनों के घर में प्रवेश करने का ऐतिहासिक दिन होगा। इस दिन, हिंदू नववर्ष और चैत्र प्रतिपदा (नवरात्रि) के शुभ अवसर पर हजारों ग्रामीण परिवार अपने न‌ए आवासों में प्रवेश करेंगे। कार्यक्रम ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सभी ब्लॉकों में मुख्य कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं और ग्राम पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा है। वर्तमान में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 9203 आवासों की स्वीकृति, 5537 आवासों को पहली किश्त और 4409 आवासों को द्वितीय किश्त मिल चुकी है, जबकि 2313 आवास पूर्ण हो चुके हैं। इस कार्यक्रम को ’मोर आवास मोर अधिकार’ के तहत आयोजित किया जाएगा, जिसमें हितग्राहियों के अनुभवों को साझा किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजंरग कुमार दुबे ने बताया कि इस आयोजन के दौरान सांस्कृतिक और प्रेरणादायक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। साथ ही, हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबियां प्रदान की जाएंगी और उनके अनुभव साझा करने का अवसर दिया जाएगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ब्लॉक स्तर पर समन्वय समिति का गठन किया जाएगा। साथ ही, धमधा, दुर्ग, पाटन और अन्य क्षेत्रों में शेष पात्र परिवारों को स्वीकृति दी जाएगी और उनकी पहली किश्त की राशि अंतरित की जाएगी।

Share this
READ MORE  योग प्रशिक्षण के साथ दे रहे आयुर्वेद , दर्शन व वेद का परिचय