


दुर्ग। नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस के ऑपरेशन विश्वास अभियान को एक और सफलता मिली है। थाना उतई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक युवक को गांजा बेचने की कोशिश करते हुए रंगे हाथों पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार 7 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डुंडेरा के शिव चौक में एक महिला अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम भोजा बाई कोसरे और युवक ने अपना नाम अजय कुमार देशलहरे बताया।

तलाशी के दौरान उनके पास से एक प्लास्टिक पॉलीथिन में 1.230 किलो ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 12,500 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के पास गांजा रखने व बेचने के संबंध में कोई दस्तावेज नहीं पाए जाने पर पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
