बीजापुर में मुठभेड़, दो नक्सली ढेर, हथियार समेत कई वस्तुएं बरामद

Share this

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार सुबह मुठभेड़ के दौरान दो नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, बीजापुर जिले के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आज सुबह से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब तक मुठभेड़ स्थल से दो माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। साथ ही मौके से 303 राइफल सहित अन्य हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी बरामद की गई हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान अभी जारी है। अभियान पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में माओवादियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी हैं। इससे पहले बृहस्पतिवार को रायपुर संभाग के गरियाबंद जिले में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 10 नक्सलियों को मार गिराया था।
मारे गए नक्सलियों में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के एक वरिष्ठ नेता और केंद्रीय समिति सदस्य (सीसीएम) मोड़ेम बालकृष्ण उर्फ भास्कर भी शामिल है, जिन पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।

2025 में अब तक 243 नक्सली मारे गए
इस मुठभेड़ के साथ, 2025 में अब तक छत्तीसगढ़ में विभिन्न मुठभेड़ों में कुल 243 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 214 नक्सली सात जिलों वाले बस्तर संभाग में, 27 रायपुर संभाग के गरियाबंद जिले में तथा दो दुर्ग संभाग के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मारे गए हैं। जनवरी 2025 में गरियाबंद के मैनपुर इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 16 नक्सली ढेर किए गए थे। पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ में विभिन्न मुठभेड़ों के दौरान सुरक्षाबलों ने 219 नक्सलियों को मार गिराया था।

READ MORE  पटवारी और शिक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार, बिलासपुर एसीबी की बड़ी कार्रवाई 
Share this