


दुर्ग। प्रदेश के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने आज दुर्ग जिले के ग्राम गनियारी स्थित पूर्व माध्यमिक एवं हाई स्कूल, नगपुरा के स्वामी आत्मानंद स्कूल (हिंदी/इंग्लिश) और ग्राम हिर्री के आत्मानंद/पूर्व माध्यमिक स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला गनियारी मे शाला संचालन सही पाया। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला/हाईस्कूल गनियारी में पदस्थ समस्त शिक्षक अध्यापन कार्य से पृथक स्टाफ रूम मे बैठे मिले, मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्य विषय के काल खंड में एनजीओ द्वारा पोषण और स्वच्छता पर व्याख्यान दिये जाने एवं उक्त अवधि में विद्यालय के किसी भी शिक्षक के व्याख्यान में उपस्थित न होकर स्टाफ रूम में बैठे पाये जाने पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही मुख्य विषय के कालखंड में एवं जिला शिक्षा अधिकारी के बगैर अनुमति के किसी भी एनजीओ या बाहरी व्यक्ति को विद्यालय में प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिये। मंत्री श्री यादव ने प्रभारी प्राचार्य श्रीमती रजनी पुरोहित के कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नगपुरा में शाला संचालन एवं छात्र-छात्राओं से चर्चा उपरांत प्रसन्नता व्यक्त की। संस्था प्रमुख की मांग पर डोम निर्माण एवं बालक-बालिका हेतु पृथक-पृथक शौचालय निर्माण की घोषणा की। साथ ही रिक्त पदों पर परीक्षण पश्चात् भर्ती का आश्वासन दिया।
शास.उ.मा.वि. हिर्रीं धमधा के निरीक्षण दौरान प्रायोगिक कार्य पूर्ण नही होने से वहां पदस्थ प्रभारी प्राचार्य मनिराम मनडारे के कार्यशैली के संबंध मे नाराजगी जताई। उक्त विद्यालय हेतु डोम निर्माण के साथ बालक बालिका हेतु पृथक-पृथक शौचालय की घोषणा करते हुए भौतिक शास्त्र के व्याख्याता कल्पना शुक्ला को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।

मंत्री श्री यादव ने पूर्व माध्यमिक शाला हिर्री के निरीक्षण दौरान वहां पदस्थ प्रधानपाठक श्रीमती हरिहारणों के अध्यापन व्यवस्था को देख कर प्रसन्नता व्यक्त की। शास.उ.मा.वि. लिटिया में मंत्री श्री यादव ने छात्राओं को निःशुल्क सरस्वती सायकल का वितरण किया। उन्होंने यहां पर डोम निर्माण की घोषणा की। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों के विद्यार्थियों से भविष्य में क्या बनने के लक्ष्य निर्धारित किये है ? पूछे जाने पर किसी ने डाक्टर, किसी ने इंजीनियर, आईएएस और शिक्षक बनने की बात कही जिस पर मंत्री श्री यादव ने प्रसन्नता व्यक्त कर सभी बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। स्कूलों के निरीक्षण दौरान संयुक्त संचालक आरएल ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा और विद्यालयों के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
