सीएम साय ने किया पुलिस भवनों व आवासों का वर्चुअल उद्घाटन

Share this

० बोरसी में पुलिस सहायता केन्द्र का स्कूल शिक्षा मंत्री यादव ने फीता काटकर किया शुभारंभ

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय नया रायपुर से दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पाेरेशन के माध्यम से निर्मित विभिन्न पुलिस भवनों एवं आवासों का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत नई पुलिस लाइन दुर्ग में 36 अराजपत्रित अधिकारियों एवं 48 प्रधान आरक्षक/आरक्षकों के नवनिर्मित आवास गृह, दुर्ग में नवनिर्मित ट्रांजिट हॉस्टल, थाना पद्मनाभपुर एवं थाना पुलगांव के नवनिर्मित भवन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय धमधा का उद्घाटन किया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने बोरसी स्थित पुलिस सहायता केन्द्र का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल एवं उनके परिवारों की सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने पुलिस परिवारों की मांग पर सर्व-सुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण, हाईमास्ट लाइट की स्थापना तथा पुलिस आवासों के मरम्मत कार्य कराने का आश्वासन दिया।

जिला दण्डाधिकारी दुर्ग अभिजीत सिंह ने कहा कि जब आम नागरिक रात्रि में विश्राम करते हैं, तब पुलिस बल समाज की सुरक्षा के लिए निरंतर ड्यूटी पर तैनात रहता है। नवनिर्मित आवासों एवं भवनों से पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता के साथ-साथ उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक सुधार होगा।

कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) दुर्ग सुखनंदन राठौर, पुलिस हाउसिंग कॉर्पाेरेशन के एसडीओ नवीन वर्मा तथा सुरेन्द्र कौशिक, पार्षद श्रीमती लोकेश्वरी ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

READ MORE  दिल्ली विधानसभा चुनाव, 5 फरवरी को मतदान और 8 को नतीजे
Share this