रायगढ़ 6 फरवरी (दुर्ग न्यूज)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पदस्थापना के साथ ही कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने राजस्व विभाग की बैठक लेकर कामकाज की गहन समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं। समय-सीमा से बाहर प्रकरण लंबित नहीं होने चाहिए।उन्होंने तीन साल से एक ही हल्के में पदस्थ पटवारियों का हल्का बदलने के निर्देश देते हुए कहा कि पटवारी अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से निवास करें। लापरवाही मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कहा कि राजस्व विभाग आम लोगों से सीधे रूप से जुड़ा सबसे महत्वपूर्ण विभाग है। अत: सभी राजस्व अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी व पारदर्शिता से कार्य करना है।
बैठक में कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने तहसीलवार राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राजस्व के कार्यो में तेजी लाने के लिए विशेष कार्ययोजना के साथ काम करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी न्यायालय में बैठने का दिन नियत करें, जिसकी जानकारी अपने कार्यालय के बाहर भी चस्पा करें ताकि आमजन तथा पक्षकारों को उसकी जानकारी हो। नामांकन, बटवारा जैसे प्रकरण पटवारी प्रतिवेदन के लिए के लिए एक सप्ताह से अधिक लंबित न हों, इसका विशेष ध्यान रखें। ई-कोर्ट की अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए कि कहा कि अविवादित तथा विवादित प्रकरणों को समय-सीमा में निराकरण किया जाए। सभी तहसीलों के प्रकरणों को ऑनलाइन दर्ज करने के भी निर्देश दिए हैं।
