महासमुंद, 1 मार्च । छात्राओं से अश्लील बातें करने वाले छुईडबरी के तीन शिक्षकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इन शिक्षकों के खिलाफ पालकों ने कोमाखान थाने में शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। तीनों शिक्षकों में से एक प्राथमिक शाला व दो माध्यमिक शाला के शिक्षक हैं। छात्राओं ने तीन शिक्षकों पर अश्लील वीडियो दिखाने, बैड टच करने व अश्लील बातें करने का आरोप लगाते हुए अपने पालकों से शिकायत की थी। पालकों की शिकायत पर कोमाखान पुलिस ने तीनों शिक्षक आसकरन साहू, महेन्द्र बघेल, प्रमोद चन्द्राकर पर धारा 354, 292, 34 भादवि, 67 आईटी एक्ट, पाक्सो एक्ट की धारा 8, 10 एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम 1989 की धारा 3 (2), (वी ए) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।
छात्राओं ने शिक्षकों के बारे में बताया कि शिक्षक हर रोज शराब पीकर आते हैं। उनके साथ गाली गलौज करते हैं। अपने बदन की मालिश करवाते हैं। उन्हे सामने बुलाकर अपने मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाते हैं। गांव वाले को गरीब लोग उनका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे बोलकर धमकी भी देते थे। यह बातें सुनकर गांव वालों ने तत्काल शिक्षा अधिकारी एवं पुलिस चौकी को सूचना दी। इसके बाद थाना कोमाखान टुहलु चौकी प्रभारी मामला कायम कर जांच कर रहे हैं।
