भिलाई में युवकों का रास्ता रोक जानलेवा हमला कर आरोपी स्कूटी छोड़ फरार

Share this

भिलाई नगर, 25 मार्च। रिसाली में कल शाम एटीएम से रूपये निकाल घर जा रहे युवक का रास्ता रोक दूसरे युवक ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया है। भिलाई नगर पुलिस ने इस मामले के आरोपी हरीश यादव के खिलाफ धारा 307 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
भिलाई नगर पुलिस ने बताया कि प्रगति नगर रिसाली निवासी प्रतीक सिंह कल शाम साढ़े 6 बजे अपने साथी सतीश खरे और डोमेश नायक के साथ स्कूटी में सेंट थामस कालेज के पास एटीएम से रूपये निकालने गया था। पैसा निकालकर वापस लौटने के दौरान सेंट थामस स्कूल के पास एक लड़का स्कूटी को रोड पर खडा कर उनका रास्ता रोका और घूर क्यों रहे हो बोलकर गाली गलौज करने लगा। सतीश खरे ने बोला कि बीच रोड में गाड़ी खडी कर दिए हो ऊपर से हमें गाली दे रहे हो, तभी आरोपी ने जान से मार दूंगा बोलकर अपने जेब से कटर निकाल सतीश के गले पर वार कर दिया। वह बचने के लिए पीछे हुआ तो कटर उसके गाल मे लगा। आरोपी ने दूसरी बार हमला किया तो बचने के लिये सतीश ने अपने दाहिने हाथ को आगे किया तो उसके पंजे की उंगलियां कट गईं। प्रतीक ने सतीश को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी उस पर टूट पड़ा। प्रतीक के हाथ पर वार कर आरोपी अपनी स्कूटी छोड़कर वहां से भाग गया। घायल युवकों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया। तभी एक व्यक्ति अपनी पत्नि के साथ आया और स्कूटी को अपना होना बताते हुए जानकारी दी कि उनकी स्कूटी हरीश यादव लेकर गया था। तब आरोपी की पहचान हुई। प्रतीक, डोमेश नायक और सतीश खरे को घायल अवस्था में ईलाज के लिए विनायक हास्पिटल में भर्ती कराया गया है।

Share this
READ MORE  दिल्ली और बिलासपुर में करोड़ों के जेवरात और कैश उड़ाने वाला शातिर चोर भिलाई से गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ