
दुर्ग न्यूज, 4 मई। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है। ये सभी एक ही परिवार के लोग हैं, जो शादी समारोह में शामिल होने के लिए बोलेरो से जा रहे थे। रास्ते में ट्रक से बोलेरो की टक्कर हो गई, जिसके चलते मौके पर ही सभी की मौत हो गई। यह हादसा पुरुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार धमतरी जिले के रुद्री थाना क्षेत्र के सोरेम गांव का साहू परिवार कांकेर के चरामा मरकाटोला शादी कार्यक्रम में जा रहा था। ये सभी लोग बुधवार रात को करीब 9:30 बजे के आस-पास नेशनल हाईवे-30 पर बालोद के जगतरा पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने बोलेरो की टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर ही 2 बच्ची, 5 महिला और 4 पुरुष की मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिर सभी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बताया जा रहा कि ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने भीषण भिड़ंत से बोलेरो सवार सभी 11 लोगों की मौत हो गई है। पूरी घटना कल रात रायपुर से जगदलपुर नेशनल हाईवे क्रमांक 30 पुरुर चौकी क्षेत्र जगतरा गांव के पास हुई।
आपको बता दें कि घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिर सभी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही एक घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। जहां से उसकी हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया था, लेकिन रास्ते में हो उसने भी दम तोड़ दिया।
मृतकों में धर्मराज साहू (55 वर्ष), केशव साहू (34 वर्ष), टोमन साहू (33 वर्ष), संध्या साहू (24 वर्ष), रमा साहू (20 वर्ष), शैलेंद्र साहू (22 वर्ष), लक्ष्मी साहू (45 वर्ष), उषा साहू (52 वर्ष), योग्यांश साहू (3 वर्ष) ईशा साहू (18 माह) और ड्राइवर डामेश ध्रुव (19 वर्ष) शामिल हैं।
