भिलाई चरोदा में चोरी के मामले का खुलासा, एक नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार

Share this

दुर्ग न्यूज, 12 जून। नशे की हालत में गांव के ही आरोपियों के द्वारा अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर नकबजनी की घटना को अंजाम दिया था। दुर्ग पुलिस ने दोनों आरोपियों एवं विधि के विरूद्ध संघर्षरत् बालक के कब्जे से चोरी गई मशरूका सोने एवं चांदी के जेवरात, एलपीजी सिलेण्डर, एलईडी टीवी, मिक्सी व कुछ घरेलू उपयोग के बर्तन बरामद किए हैं। एन्टी क्राईम एवं सायबर यूनिट दुर्ग एवं थाना पुरानी भिलाई की संयुक्त कार्यवाही ने देवबलोदा चरोदा क्षेत्र में इसी महीने घटित घटना के आरोपियों का आज खुलासा किया है।

डीएसपी राजीव शर्मा ने बताया कि 5 जून को इन्द्रजीत रात्रे निवासी देवबलोदा चरोदा ने थाना पुरानी भिलाई में रिपोर्ट दर्ज करायी कि वो 21 मई को देवबलोदा स्थित अपने मकान में ताला लगाकर नया रायपुर स्थित दुकान एवं मकान में रहने चला गया था। 4 जून को वापस आकर देखा तो घर का चैनल गेट टूटा हुआ था और अदंर आलमारी खुली पड़ी है, सामान बिखरा हुआ था, घर का मुआयना करने पर सोने-चांदी के जेवरात, एलपीजी सिलेण्डर, एलईडी टीवी, मिक्सी समेत कुछ घरेलू उपयोग के बर्तन गायब थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 457 और 380 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। एसपी द्वारा गठित टीम संदेहियों पर निगाह रखे हुए थी और आदतन अपराधियों व जेल से रिहा हुये अपराधियों से पूछताछ कर पतासाजी के प्रयास किये जा रहे थे। तभी विशेष सूत्रों से पता चला कि देवबलोदा निवासी भूपेन्द्र कुमार टण्डन अपने साथी संदीप चौहान के साथ घूम-घूम कर होटल वालों से एलपीजी सिलेण्डर बेचने की बातचीत कर रहा है। सूचना पर टीम द्वारा घेराबंदी कर दोनों युवको को पकड़कर पूछताछ करने पर अपने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर शराब के नशे की हालत में देवबलोदा के सूने मकान का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश कर नकबजनी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। विधि के विरूद्ध संघर्षरत् बालक को विधिवत् परिजनों की उपस्थिति में तलब कर पूछताछ की गयी। दोनो आरोपियों एवं विधि के विरूद्ध संघर्षरत् बालक निशानदेही पर चोरी गई मशरूका सोने-चांदी के जेवरात, 2 एलपीजी गैस सिलेण्डर, मिक्सी, एलईडी टीवी एवं घरेलू उपयोग के बर्तन बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी भूपेन्द्र टण्डन उर्फ बुल्लेड़ो (20 वर्ष) निवासी सतनामी बस्ती देवबलोदा चरोदा और संदीप चौहान उर्फ झोड़े (21 वर्ष) निवासी बजरंग चौक के पास देवबलोदा चरोदा तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार कर पुरानी भिलाई थाना से अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Share this
READ MORE  फर्जी तरीके से बेच दी उद्योग विभाग की जमीन, कलेक्टर जांच बाद दो के खिलाफ अपराध दर्ज