दुर्ग न्यूज डेस्क, 22 जुलाई। भारतीय प्रशासनिक सेवा की अफसर रानू साहू को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने उन्हें आज विशेष अदालत में पेश किया। आपको बता दें कि ईडी की टीम ने शुक्रवार को रानू साहू के निवास पर छापेमारी की थी। कोरबा की पूर्व कलेक्टर रानू साहू पर कोल स्कैम में संलिप्तता के चलते ईडी ने केस भी दर्ज किया है। उनकी 20 करोड़ से अधिक की प्रापर्टी पहले ही अटैच कर चुकी है।
ईडी की टीम लंबी पूछताछ के बाद रानू साहू को अपने साथ ले गई और फिर गिरफ्तार किया गया। उन्हें विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की अदालत में पेश किया गया। ईडी ने 14 दिन की रिमांड मांगी है जिस पर रानू साहू के वकील फैजल रिजवी ने आपत्ति की है। फैजल रिजवी का कहना है कि रानू साहू को अक्टूबर से लेकर जनवरी तक बुलाया गया। उन्होंने पूछताछ में सहयोग किया। इसके बाद ईडी से कोई समन जारी नहीं किया। रिजवी ने बताया कि शुक्रवार को फिर अचानक ईडी की टीम निवास पर पहुंच गई, और आज उन्हें गिरफ्तार कर पेश किया गया है। कोरबा कलेक्टर रहते किसी से वाट्सएप चैट, और डायरी में उनका जिक्र आया है, रानू साहू का नाम कहीं नहीं है। किसी लेनदेन में आरएस का नाम आया है। जिसे रानू साहू से जोड़ा गया है। रिजवी ने बताया कि ईडी पहले उनके माता-पिता के नाम की संपत्ति को अटैच कर चुकी है। उनकी जो संपत्ति अटैच की गई है वह भी वर्ष 2019 से पहले की खरीदी हुई है। इन सबके बावजूद उन्हें 14 दिन की हिरासत में लेने का आवेदन दिया गया है। जिस पर हमने आपत्ति दर्ज की है।
आपको बता दें कि रानू साहू प्रदेश की दूसरी आईएएस हैं, जिन्हें ईडी ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले समीर विश्नोई को भी कोल स्कैम में गिरफ्तार किया था, समीर अभी भी जेल में हैं।
