


दुर्ग। शिवनाथ नदी में आयी बाढ़ से कई गांव का संपर्क टूट चुका है सैकड़ों लोग बाढ़ में फंसे थे जिन्हें एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला है। कई सालों बाद ऐसी बाढ़ शिवनाथ नदी में आयी है। बाढ़ देखने लोगों की काफी भीड़ भी दिनभर लगी रही। वहीं जिला प्रशासन पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से जुटे रहे। दिनभर बाढ़ का जायजा दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, महापौर धीरज बाकलीवाल एवं आयुक्त ने लिया। संबंधितों को जरूरी निर्देश दिए।
एसडीआरएफ के जिला सेनानी नागेंद्र कुमार ने बताया कि धनगांव राहुद में 17 लोगों को, थनौद ईंट भट्ठा में फंसे 11 लोगों को, मेडेसरा से चार लोगों को, थाना धमधा ग्राम सिल्ली से 18 लोगों को, ग्राम हिर्री से दो लोगों को, ग्राम झेंझरी से 2 लोगों को, ग्राम अरसनारा से 10 लोगों को, ग्राम भेड़सर से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।

करोड़ों का पुल नहीं आया काम
शिवनाथ नदी में आए बाढ़ से दुर्ग राजनांदगांव से सड़क परिवहन बंद हो गया है। करोड़ों रुपए की लागत से शिवनाथ नदी पर बना पुल आज कोई काम नहीं आ रहा है। पुल बनने के बावजूद भी बाढ़ में रास्ता बंद हो गया है और यही स्थिति पुलगांव नाला पर बने ब्रिज की है। ब्रिज तो बन गया लेकिन ब्रिज के दोनों छोर पर 4 से 5 फीट पानी भर रहा है जिसके कारण वहां से आवाजाही बंद है। परेशानी तो आम जनता को हो रही है।
