नगर निगम कोरबा के खाते से लाखों की हेराफेरी, बैंक मैनेजर और सहयोगी सलाखों के पीछे

Share this

कोरबा। नगर पालिक निगम के बैंक खाते में लाखों रुपये के गबन मामले में पुलिस ने एक्सिस बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। यह गड़बड़ी वर्ष 2022-23 और 2023-24 में कैश मैनेजमेंट सिस्टम (CMS) के माध्यम से जमा राशि में पाई गई थी।

निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने जब इस अनियमितता को पकड़ा, तो नगर निगम में हड़कंप मच गया। निगम के सहायक लेखा अधिकारी प्रदीप कुमार ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें करीब 79 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों—पूर्व शाखा प्रबंधक मिश्रा और उसके सहयोगी प्रियांशु—को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया कि नगर निगम कोरबा द्वारा राजस्व वसूली से प्राप्त नगद राशि को CMS के माध्यम से एक्सिस बैंक, शाखा पावर हाउस रोड, कोरबा में निगम के खाते में जमा कराया जाता था। लेकिन बैंक स्टेटमेंट, CMS जमा पर्चियों और निगम के कैश पंजी में बड़ा अंतर पाया गया।

वर्ष 2022-23 में CMS के माध्यम से जमा कुल राशि और बैंक स्टेटमेंट के आधार पर जमा राशि में 49,52,840 रुपये का अंतर था। वहीं, 2023-24 में यह अंतर 29,47,939 रुपये का रहा। दोनों वर्षों को मिलाकर कुल गबन राशि 79,00,779 रुपये पाई गई। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this
READ MORE  योग शिक्षक बनने लोगों ने लिया प्रशिक्षण, हरिद्वार में होगा मुख्य शिविर