
दुर्ग न्यूज, 17 जनवरी। खुर्सीपार में दूसरे के घर के सामने बैठ बीयर पी रहे युवक को जब वहां से हटने कहा गया तो वह आगबबूला हो घर मालिक पर ही पिल पड़ा। उसे जान से मारने की धमकी देते हुए बीयर की खाली बाॅटल उसके सर पर मार फोड़ दिया और हाथ मुक्का से पीट मौके से निकल भागा। लहूलुहान थाना पहुंचे पीड़ित की रिपोर्ट पर खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी मन्नू देवार निवासी केजीएन बिरयानी दुकान के पीछे खुर्सीपार के खिलाफ धारा 294, 323 व 506बी के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
खुर्सीपार पुलिस ने बताया कि अटल आवास शिवाजी नगर खुर्सीपार निवासी सुभाष नेताम के घर के सामने मन्नू देवार कल शाम पहुंचा और पास में ही बैठ कर बीयर पीने लगा। सुभाष ने घर से निकल उसे जब मना किया तो मन्नू गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर मन्नू जबरन बीयर बोतल खत्म करने लगा और जैसे ही बीयर की बोतल खाली हुई उसने सुभाष के सिर पर दे मारा। सुभाष का खून निकलते देख उसने हाथ मुक्का से भी मारपीट की। सुभाष के सिर में, हाथ, पीठ में चोंट आई है। मारपीट के दौरान सुभाष की पत्नि मालती तथा चितरो बेसरा ने बीच बचाव किया तो आरोपी मौके से भाग निकला। खुर्सीपार पुलिस ने अपराध दर्ज कर घायल सुभाष को हास्पिटल भिजवाया।

