


शिवनाथ का बढ़ रहा जलस्तर, जलाशयों से छोड़ा गया है पानी
दुर्ग। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते विभिन्न जलाशयों से पानी छोड़ा गया है। फलस्वरूप शिवनाथ नदी में जलस्तर बढ़ने लगा है। विगत 9 सितम्बर की रात से हो रही अत्यधिक वर्षा के कारण मोंगरा जलाशय से 1 लाख 13 हजार 878 क्यूसेक, खगखरा से 20 हजार 208 क्यूसेक, घुमरिया से 26 हजार 260 क्यूसेक और सूखा नाला से 44 हजार क्यूसेक जल छोड़ा गया है। इन सभी स्थानों से आने वाला जल प्रवाह शिवनाथ नदी में मिल रहा है, जिसके कारण महमरा एनीकट का जलस्तर 10 फीट तक ऊपर पहुंच चुका है, रात तक शिवनाथ नदी के जल स्तर में और वृद्धि होगी। उक्त जानकारी देते हुए शिवनाथ जलसंसाधन मण्डल दुर्ग के अधीक्षण अभियंता एसके पाण्डेय ने बताया कि कलेक्टर सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार नदी किनारे गांव में मुनादी करा दी गई है और ग्रामवासियों को भी नदी किनारे नहीं जाने हेतु कहा गया है। जल प्रवाह को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग ने सभी संबंधित विभागों से उचित कदम उठाने का अनुरोध किया है। विभाग द्वारा जल प्रबंधन एवं सुरक्षा के सभी आवश्यक उपाय पहले से सुनिश्चित कर लिये गये हैं ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटा जा सके। वर्तमान में शिवनाथ नदी से कुल जल प्रवाह 2 लाख 4 हजार 346 क्यूसेक हो रहा है। अत्यधिक वर्षा के कारण तांदुला नहर से खरीफ सिंचाई हेतु दी जा रही जल प्रदाय को बंद कर दिया गया है। वर्तमान में जल भराव की स्थिति तांदुला जलाशय 83.49 प्रतिशत, गोंदली जलाशय 60.27 प्रतिशत, खरखरा जलाशय 104.38 प्रतिशत, खपरी जलाशय 75.19 प्रतिशत और मरोदा टैंक 41.58 प्रतिशत है।

