


भिलाई में परिवार से मिले प्रदेश प्रभारी और राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री
भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव के परिवार से मिलने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट भिलाई सेक्टर 5 स्थित विधायक निवास पहुंचे। जहाँ वे विधायक श्री यादव की माँ और परिवार के सभी सदस्यों से मिले। करीब 1 घंटे तक मां के पास बैठकर उनका हालचाल जाना। उनके स्वास्थ्य की खैरियत ली। परिवार के सदस्यों से चर्चा की और सभी को हिम्मत दिया। सभी से कहा कि आप सभी लोग अपना ख्याल रखिए। मां से कहा कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखे। समय पर भोजन और दवाइएं ले। परिजनों और विधायक देवेंद्र यादव के बड़े भाई धर्मेद्र यादव से भी कहा कि वे माता जी का ख्याल रखें। देवेंद्र का ख्याल रखने के लिए उनके साथ पूरा कांग्रेस परिवार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गाँधी जी ने उन्हें यहाँ भेजा है। ताकि वे देवेंद्र के परिवार का कुशल क्षेम ले कर उन्हें खबर करें। उनके कहने और परिवार का हालचाल जानने वे भिलाई आए हैं। सचिन ने पूरे परिवार को विश्वास जताते हुए कहा कि उनके रहते हुए उन्हें किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। पूरा कांग्रेस परिवार, प्रदेश की पूरी जनता युवा नेता देवेंद्र यादव के साथ है। युवा नेता विधायक छत्तीसगढ़ महतारी का बहादुर बेटा है। जो भोलेभाले, मासूम, निर्दोष प्रदेशवासियों के हक की लड़ाई लड़ रहा है। देवेंद्र यादव की प्रदेश भर में हो रही ख्याति उसकी लोकप्रियता से भयभीत होकर भाजपा की सरकार उसके खिलाफ राजनीति षड्यंत्र की है। बदला लेने के लिए यह सब प्रपंच कर रही है। लेकिन सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं होगा। एक दिन विधायक देवेंद्र यादव की जीत और पूरे शान से वह बहुत जल्द जेल से बाहर आएगा।

कमेटी ने कहा जेल में बंद निर्दोषों से खाली पेपर पर करा रहे हस्ताक्षर
सचिन पायलट को धनेंद्र साहू ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस की बनाई कमेटी बिलासपुर और बलोदा बाजार जेल जा चुकी है और वहां सतनामी समाज के निर्दोष लोगों से जेल में कोरे कागज पर साइन कराया है। उन पर देवेंद्र यादव का नाम लेने के लिए अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही परिवार को भी घसीटने और रासुका लगाने तक की धमकी दी जा रही है। पायलट ने इस प्रकार के शासन के रैवये को गलत बताया है। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के साथ प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मंत्री रूद्र गुरु, धनेंद्र साहू, महापौर नीरज पाल सभी एमआईसी सदस्य उपस्थित थे।
सचिन पायलट ने कहा सरकार कर रही विपक्ष और जनता की आवाज दबाने का काम
सचिन पायलट ने कहा कि देवेंद्र यादव को जबरदस्ती बलपूर्वक गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र किया गया है जो कि पूरी तरह से गलत है। बलौदा बाजार में जो घटना हुई है वह सरेआम हुई है जो कि राज्य शासन की बहुत बड़ी असफलता है। कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। कलेक्टर-एसपी छोड़कर चले गए थे। यहां की सरकार ने द्वेषपूर्ण भावना से कांग्रेस के लोगों को टारगेट कर काम किया है। कांग्रेस कभी जांच से डरती नहीं है। निष्पक्ष जांच हो लेकिन द्वेषपूर्ण तरीके से कार्यवाही कर किसी का चरित्र हनन करने का किसी को अधिकार नहीं है।
