
बिलासपुर9 घंटे पहले

- कॉपी लिंक

विशाखापत्तनम से अमृतसर जाने वाली हीराकुंड एक्सप्रेस में गांजा तस्करी करते दिल्ली और बिहार के युवकों को बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 9 किलो गांजा जब्त किया गया है। जब्त गांजे की कीमत 90 हजार रुपए बताई जा रही है।

शुक्रवार को हीराकुंड एक्सप्रेस में जीआरपी की टीम सभी कोच की जांच कर रही थी। इसी दौरान बी-3 कोच में उन्हें बर्थ क्रमांक- 63 और 70 में दो युवक बैठे मिले। GRP को देखते ही युवक नर्वस दिखाई देने लगे। जिसके बाद रेलवे पुलिस को उन पर शक हो गया। GRP (Government Railway Police) ने दोनों युवकों को अपनी हिरासत में ले लिया। जब उनके सामान की तलाशी ली गई, उनके बैग से साढ़े 4 किलो-साढ़े 4 किलो गांजा बरामद हुआ।

हीराकुंड एक्सप्रेस से आरोपी गिरफ्तार।
भागने का प्रयास किया पर सफल नहीं हुए
जब जीआरपी की टीम ने दोनों युवक से पूछताछ करने की कोशिश की, तो दोनों युवक हड़बड़ाने लगे। उन्होंने अपनी सीट से उठकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम शादाब (34 वर्ष) निवासी त्रिलोकपुरी मयूर विहार पूर्वी दिल्ली बताया। वहीं दूसरे आरोपी का नाम प्रशांत कुमार पाल (28 वर्ष) है, जो रामपुर थाना कुदरा, जिला कैमूर बिहार राज्य का रहने वाला है।
तलाशी लेने पर दो बैग में गांजे की इस तरह से पैकिंग की गई थी कि किसी को संदेह न हो और सभी उसे कुछ सामान समझें। लेकिन रेलवे पुलिस ने पैकिंग को देखते ही समझ लिया कि इसके अंदर गांजा है। दोनों आरोपियों को जोनल स्टेशन में उतारा गया और जीआरपी थाने लेकर आए। आरोपियों के खिलाफ 20 बी नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
रेलवे पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बनी है टीम
शासकीय रेलवे पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह टीम बनी है। पहले ही दिन से टीम जोन से गुजरने वाली ट्रेनों में नियमित जांच कर रही है। टीम में जीआरपी थाने के उपनिरीक्षक बीके राठौर, लक्ष्मण गाइन, संतोष राठौर, मन्नू प्रजापति और राजा दुबे शामिल रहे।
