


चिल्फी घाटी में लगा 20 किमी लम्बा जाम, दूसरे दिन भी क्लीयर नहीं हुआ
कवर्धा। चिल्फी घाटी में एक बार फिर से लंबा जाम लग गया है। यहां ट्रक खराब होने से रायपुर जबलपुर नेशनल हाइवे 30 पर आवागमन बाधित हो गया है। 20 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। छोटी गाड़ियों को भी निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, चिल्फी घाटी में तीन अलग-अलग जगहों पर ट्रक खराब हुई है। ट्रक खराब होने के कारण बड़े और भारी वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है। पुलिस ने सभी बड़े वाहनों को रोक दिया है।
मार्ग पर गुरुवार रात 10 बजे से जाम लगा हुआ है। 12 घंटे से ज्यादा समय के बाद भी जाम नहीं खुल पाया है। पुलिस ने सभी बड़े वाहनों को घाट से पहले ही रोक दिया है, जिसके चलते वन-वे खुला है। किसी तरह से छोटी गाड़ियां और यात्री बस को निकालने की कोशिश जारी है। दोनों तरफ करीब 20 किलोमीटर तक बड़ी गाड़ियों की लंबी कतार लग गई है।
चिल्फी थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर ने बताया कि गुरुवार रात में तीन अलग अलग जगहों पर ट्रक खराब होने के कारण जाम लग गया। पुलिस की टीम ने पूरी रात ड्यूटी देकर छोटे वाहनों के लिए मुश्किल से रास्ता बनाया। भारी वाहनों को रास्ते से हटाने का प्रयास कर रहे हैं, जल्द ही जाम खत्म हो जाएगा।
पुरानी वाहनों के ओवरलोड होने के कारण घाट चढ़ने के दौरान गाड़ी खराब हो जाती है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण अन्य बड़े वाहन गुजर नहीं पाते हैं। घाट के एक तरफ ऊंचा पहाड़ और दूसरी ओर सैकड़ों फीट गहरी खाई के कारण यहां रिस्क लेने की कोई गुंजाइश नहीं होती। यही कारण है कि यहां जाम की स्थिति बन जाती है।
