मानव अधिकार की टीम ने मरीजों से पूछा-आपके साथ भेदभाव तो नहीं होता ?

Share this

 

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 का किया दौरा

भिलाई। मानव अधिकार आयोग की टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 का दौरा किया। जिसमें उन्होंने कुष्ठ रोगी और मानसिक रोगियों को मिलने वाली सुविधाओं और मानव अधिकार के नियमों के तहत विभिन्न स्तर पर लोगों के अधिकार की जानकारी दी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के बीईटीओ व स्वास्थ्य सुपरवाइजर सैय्यद असलम ने बताया कि मानव अधिकार आयोग के विशेष प्रतिनिधि डॉ प्रदीप्ता नायक, जिला कुष्ठ व क्षय अधिकारी डॉ अभिषेक श्रीवास्तव, राज्य कुष्ठ एनएमएस चित्तरंजन शाहा जिला कुष्ठ समन्वयक डा भुनेश कोसमा और जिला कुष्ठ सुपरवाइजर सीएल मैत्री की टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई तीन में मितानिन प्रेरकों, मितानिन, अस्पताल स्टाफ और कुष्ठ के चिह्नित मरीजों से अलग-अलग चर्चा करते हुए कहा कि कुष्ठ मरीजों और मानसिक रोगियों से किसी भी स्तर पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।
डा प्रदीप्ता नायक ने उनके लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार की योजनाओं के अंतर्गत सुविधाएं उपलब्ध कराने निर्देश दिए। उन्होंने कुष्ठ मरीजों से पूछा कि आप लोगों से भेदभाव तो नहीं किया जाता,  दवाइयां निशुल्क मिलती है कि नहीं और समय पर उपलब्ध रहती है कि नहीं, स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सक आप लोगों के साथ कैसे व्यवहार करते हैं, समाज में लोग आप लोगों से कैसे व्यवहार करते हैं, यह जाना।इधर स्वास्थ्य कर्मचारी और मितानिन प्रेरकों मितानिन से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा हम जीतेंगे और कुष्ठ और मानसिक रोग का उन्मूलन करने सरकार का प्रयास सार्थक होगा। इसमें चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य विभाग के बीईईटीओ व सुपरवाइजर और अस्पताल कर्मियों और मैदानी स्वास्थ्य अमले एएनएम, मितानिन, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजिका व संयोजक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि आप सभी को मानसिक रोगियों की पहचान करना सिखाया गया है। अब आपकी जिम्मेदारी है उन का इलाज संवेदना से करें और उनके अधिकार का हनन न होने दें। उसी तरह कुष्ठ रोगियों को भी स्नेह प्रेम सहयोग के साथ सम्पूर्ण इलाज की जरूरत है।
उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी रजिस्ट्रेशन, दवा का स्टाक, इत्यादि का मुआयना किया। दिल्ली से आए डा. प्रदीप्ता नायक का शाल श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। उन्होंने मितानिन द्वारा कुष्ठ रोग पर रंगोली और कन्या उमा शाला भिलाई 3 स्कूली छात्रों की पोस्टरों का निरीक्षण किया।  जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि दुर्ग जिले में कुष्ठ की पहचान और उपचार व निदान अभियान में अच्छा काम किया गया है।
कुष्ठ रोग प्रथम अवस्था में चिन्हांकित हो रहा है। जिससे विकृति नहीं मिल रही है। सही समय पर उपचार मिलने से शरीर की विकृतियों को रोका जा रहा है। कार्यक्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के चिकित्सा अधिकारी डॉ आदित्य नारायण शर्मा,आरएमए श्रीमती प्रज्ञा कुशवाहा, सीनियर कंसल्टेंट एलएचवी श्रीमती आर विश्वास , सीएल मैत्री, चितरंजन शाहा, एएमए जेडी मानिकपुरी,  डा भुनेश कोसमा, मितानिन एरिया समन्वयक श्रीमती शमीम बानो, बीईईटीओ सैय्यद असलम, फार्मासिस्ट तृप्ति चंद्राकर और लैब टैक्नीशियन आलिया खातून सहित समस्त अस्पताल स्टाफ, मितानिन प्रेरकों और सभी मितानिन उपस्थित थे।

READ MORE  इस्पात नगर रिसाली के महामृत्युंजय धाम में तीन दिवसीय महारुद्राभिषेक शुरू
Share this