नदी पार कर दो दंतैल हाथी घुसे धमतरी की सीमा में, 10 गांव में अलर्ट जारी, वन विभाग कर रहा निगरानी

Share this

धमतरी। गरियाबंद के जंगल से 2 दंतैल हाथी धमतरी की सीमा क्षेत्र में घुस आए हैं। दोनों हाथी पैरी नदी को पार कर धमतरी के जंगल में आए हैं। दंतैल हाथियों के पैरी नदी पार करने की तस्वीरें भी सामने आई हैं। वन विभाग के मुताबिक गरियाबंद जिले के जंगलों में लंबे वक्त से हाथियों का बड़ा झुंड टिका हुआ है। गरियाबंद के जंगल हमेशा से हाथियों के रहने के लिए अनुकूल रहे हैं। धमतरी जिले में हाथियों की एंट्री होने से वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। वन विभाग ने 10 गांवों में मुनादी के जरिए लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी है।

वन विभाग की टीम दंतैल हाथियों की निगरानी में जुट गई है। वन विभाग के कर्मचारी गांव गांव जाकर लोगों को सावधान रहने के निर्देश जारी कर रहे हैं। हाथियों की निगरानी के लिए कई कर्मचारियों को भी मौके पर तैनात किया गया है। वन विभाग ने हथबंद, उत्तर सिंगपुर, जलकुंभी, रेंगाडीह, परसाबुडा, राजाडेरा गांव के लोगों को जंगल की ओर जाने से मना किया है। इसके साथ ही कोरगांव (कनडबरा), मडेली, चारभांठा, बकोरी, बूढ़ाराव, बानियातोरा, सोनपैरी इन जगहों पर भी लोगों को सुरक्षित रहने हिदायत दी जा रही है।

सीतानदी टाइगर रिजर्व फारेस्ट के डीएफओ वरुण जैन ने बताया कि दो दंतैल हाथी पैरी नदी पार कर धमतरी की सीमा पर विचरण कर रहे हैं। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों पर निगरानी बनाई हुई है। लगातार ग्रामीण इलाकों में कोटवार और वन विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को सुरक्षित रहने और जंगलों में जाने से मना किया जा रहा है।

READ MORE  मुख्यमंत्री का OSD बनकर NTPC अधिकारी को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार
Share this