
दुर्ग न्यूज, 24 जनवरी। बिलासपुर में रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर की बहू और बैंक मैनेजर की पत्नी ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है। रात में खाना बनाने को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इसके बाद महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार जीआर महिलाने रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर हैं और परिवार सहित तिफरा के यदुनंदन नगर में रहते हैं। उनका छोटा बेटा रविकांत महिलाने मस्तूरी क्षेत्र के जयराम नगर में कैनरा बैंक में मैनेजर है। उसकी शादी जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ में रहने वाले राजकुमार जांगड़े की बेटी युक्तिरानी (29 वर्ष) से 2019 में हुई थी। शादी के बाद रवि और उसकी पत्नी मोपका स्थित स्वर्ण रेसीडेंसी में रहने लगे थे। उनकी 15 माह की बेटी भी है। रविकांत ने पुलिस को बताया कि रात में वह अपनी बेटी को खिला रहा था और टीवी देख रहा था। रात करीब 10 बजे तक युक्तिरानी खाना नहीं बनाई थी। वह खाना बनाने के लिए किचन में गई थी। इस दौरान वह टीवी की आवाज तेज कर बच्ची को खिला रहा था। करीब आधे घंटे बाद वह किचन में गया, तब युक्तिरानी वहां नहीं थी। बाजू के बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने काफी आवाज लगाया लेकिन अंदर से कोई आहट सुनाई नहीं दी। तब वह खिड़की से झांक कर देखा तो युक्तिरानी दुपट्टे से फंदे पर झूल रही थी। इसके बाद उसने अपने पापा और ससुर सहित अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान रविकांत ने उसे फांसी के फंदे से नीचे उतार दिया था। मायकेवाले भी पहुंच गए थे। इस दौरान मायके वालों ने आरोप लगाते हुए रविकांत की जमकर पिटाई भी की। पुलिस ने बीच-बचाव कर उन्हें शांत कराया।

बताया जा रहा कि रविकांत बैंक ट्रेनिंग के लिए दस दिन से भोपाल में था। सोमवार की दोपहर वह घर लौटा था। इस दौरान वह बेटी का वैक्सीनेशन कराने भी गया था। वैक्सीनेशन के कारण ही उनकी बेटी रो रही थी तो वह उसे देख रहा था। युक्तिरानी के परिजनों ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे उसकी मां ने मोबाइल पर कॉल किया था, तब तेज आवाज में टीवी चल रही थी और उनके बीच झगड़ा चल रहा था। युक्ति ने कुछ सेकेंड बात की और बाद में कॉल करने की बात कहते हुए फोन कट कर दिया। इसके कुछ समय बाद उसके मरने की खबर आ गई। उनका आरोप है कि रविकांत ने अकेले उसे फंदे से कैसे उतार लिया। जब वह हाल में था और युक्तिरानी बाजू में बेडरूम में फंदे पर झूल रही थी, तब उसने बीच-बचाव क्यों नहीं किया। उन्होंने अपनी बेटी की मौत को लेकर कई सवाल उठाया है। उन्होंने रविकांत और उसके ससुरालवालों पर बेटी युक्तिरानी पर प्रताड़ना और मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद ही रविकांत और उसके ससुराल वाले उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिससे तंग आकर सात माह से वह ससुराल वालों से अलग रह रही थी। उनके आरोप लगाने पर पुलिस ने रविकांत को हिरासत में ले लिया है। वहीं, महिला के शव का कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद परिजन को सौंप दिया है।

