
दुर्ग। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने धान उपार्जन जैसे अति महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील कार्य में लापरवाही व अनुशासनहीनता बरतने पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी युगांत बघेल को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में युगांत बघेल का मुख्यालय कार्यालय उप संचालक कृषि दुर्ग नियत किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वहन भत्ता की पात्रता होगी।

धान उपार्जन केन्द्र खिलौराकला में अवैध धान खरीदी संबंधी होने पर अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी दुर्ग एवं अनुविभागीय दण्डाधिकारी धमधा द्वारा रविवार को निरीक्षण किया गया। उक्त निरीक्षण में धान उपार्जन केन्द्र खिलौराकला में ऑनलाईन कुल 10,153.20 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी, किन्तु सत्यापन के दौरान मोटा धान-2549.20 क्विंटल (6373 कट्टा), पतला धान-408 क्विंटल (1020 कट्टा), सरना धान-7308.8 क्विंटल (18272 कट्टा) पाया गया। इस प्रकार ऑनलाइन धान खरीदी माड्यूल से तुलना करने पर भौतिक रूप से मोटा धान 72.40 क्विंटल (181 कट्टा) व सरना 40.40 क्विंटल (101 कट्टा), कुल 112.80 क्विंटल (282 कट्टा) अतिरिक्त पाया गया। जिसका भौतिक सत्यापन पत्रक में युगांत बघेल नोडल अधिकारी धान उपार्जन केन्द्र खिलौराकला के भी हस्ताक्षर हैं। इसके एक दिन पहले 13 दिसंबर को युगांत बघेल, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा नोडल अधिकारी धान उपार्जन केन्द्र खिलौराकला के रूप में भौतिक सत्यापन के दौरान स्टॉक/धान की मात्रा का मिलान होना, सत्यापित किया गया है तथा उसके पश्चात आगामी क्रय दिवस में 282 अतिरिक्त कट्टा धान पाया गया। स्पष्ट है कि उक्त धान को अन्य किसानों के रिक्त रकबे में क्रय किये जाने की नीयत से धान उपार्जन केन्द्र खिलौराकला में रखा गया था। इस गड़बड़ी के चलते उक्त कार्रवाई की गई है।

