बीजेपी विधायक के बेटे पर ‘हिट-एंड-रन’ का मामला दर्ज, बाइक सवार पर चढ़ाई कार

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बाइक सवार को टक्कर मारने के आरोप में पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की मौजूदा विधायक के बेटे के खिलाफ ‘हिट-एंड-रन’ का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल मोटरसाइकिल सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी बलवंत सिंह उर्फ लकी (34), भरतपुर-सोनहत (एसटी) सीट से विधायक रेणुका सिंह का बेटा है। रेणुका 2019 से 2023 तक केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री रह चुकी हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सालासर चौक पर रविवार देर रात करीब एक बजे हुई, जब मोटरसाइकिल सवार त्रिभुवन सिंह काम के बाद अपने घर लौट रहा था। वहीं बलवंत सिंह अपने दोस्तों के साथ कार से आरंग की ओर से तेलीबांधा की तरफ आ रहा था।

पुलिस के मुताबिक, कार बलवंत चला रहा था।अधिकारियों ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद बलवंत कथित तौर पर दूसरी कार में बैठकर मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ तेलीबांधा थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद अन्य धाराएं जोड़ी जाएंगी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्रिभुवन को यहां एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

READ MORE  मुख्यमंत्री साय खड़सा व्यू प्वाइंट से नौका विहार करते मयाली नेचर कैंप बैठक स्थल पहुंचे
Share this