आरंग रोड एक्सीडेंट: भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत

Share this

रायपुर। महासमुंद जिले के आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत नदी मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान हर्ष देवांगन, राहुल देवांगन और थानू सतनामी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों युवक किसी काम से आरंग से महासमुंद गए थे। वापसी के दौरान उनकी टाटा विस्टा कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सभी की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सदमे में परिवार

हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का दृश्य अत्यंत भावुक कर देने वाला था। अपने बेटों को इस हालत में देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

गोबरा नवापारा में भी सड़क हादसा, दो की मौत

इसी तरह रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम चंपारण में भी एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान पुष्पेंद्र साहू और अन्नू साहू के रूप में हुई है। घायल रिंकी साहू का अस्पताल में उपचार जारी है।

READ MORE  असम में बाढ़ का कहर, तीन लाख हुए बेघर और 60 की मौत, गुजरात में तूफान से तबाही

बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई थी। बाइक पर एक युवक और दो युवतियां सवार थे। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share this