

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा ठाणे के मुरबाड इलाके के गोविली गांव स्थित रैता पुल करीब 11:30 बजे हुआ। एक वैन और सीमेंट मिक्सर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार सभी नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बचाव दल और मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। हादसे के बाद पुल पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।
