दुर्ग में देह व्यापार का भंडाफोड़, जलाराम लॉज पर पुलिस की रेड, 3 आरोपी गिरफ्तार

Share this

दुर्ग। शहर के इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में कथित अनैतिक देह व्यापार संचालित होने का खुलासा हुआ है। सिटी कोतवाली पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर (एसीसी) की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर रविवार शाम लॉज में छापेमार कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से लगभग 20 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि जलाराम लॉज में लंबे समय से अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सिटी कोतवाली एवं एसीसी की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से लॉज पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान लॉज के कमरों से दो पुरुष और तीन महिलाएं आपत्तिजनक स्थिति में मिलीं। वहीं लॉज का संचालन करने वाला व्यक्ति भी मौके पर मौजूद था। तलाशी के दौरान पुलिस ने देह व्यापार से संबंधित सामग्री, चार मोबाइल फोन और करीब 20 हजार रुपये नकद जब्त किए।

पुलिस ने मामले में अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया है। इस मामले में विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से लॉज में देह व्यापार संचालित कर रहे थे। मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।

READ MORE  विधानसभा में हंगामा: अफीम खेती के मुद्दे पर 29 कांग्रेस विधायक निलंबित

Share this