


भिलाई नगर,4 अप्रैल। भिलाई अब तेजी से विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। कई ऐसे काम है जो धरातल पर नजर आने लगे हैं और कुछ कार्यों पर तेज गति से काम हो रहा है। महापौर नीरज पाल, कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा एवं निगम आयुक्त रोहित व्यास के लगातार प्रयासों से भिलाई की तस्वीर बदल रही है।
बन रहा है वर्टिकल गार्डन

नेहरू नगर चौक के फ्लाईओवर के नीचे वर्टिकल गार्डन तैयार किया जा रहा है इस पर काम शुरू हो चुका है। इसी तरह सूर्या अपार्टमेंट के पास तथा निगम कार्यालय आदि के पास भी वर्टिकल गार्डन तैयार किए जाने की प्लानिंग है। आने वाले राहगीरों को इसकी सुंदरता अलग से ही प्रतीत होगी तथा यह सुखद अनुभूति देगा।
सुपेला के सात अजूबों का सौंदर्यीकरण
शहर के हृदय स्थल सुपेला चौक के पास सात अजूबों के सौंदर्यीकरण का कार्य अंतिम चरण पर है। आकर्षक लाइटिंग के साथ रात्रि में यहां का दृश्य मनमोहक नजर आ रहा है। घड़ी चौक का भी अलग नजारा देखने को मिल रहा है। सौंदर्यीकरण होने के बाद इसकी छटा देखते ही बन रही है। देश-विदेश के सात अजूबे को सुपेला चौक के पास देखा जा सकता है।
फ्लाईओवर निर्माण से ट्रैफिक से मिलेगा निजात
भिलाई के कई स्थानों पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है, फ्लाईओवर के निर्माण हो जाने से लोगों को ट्रैफिक से निजात मिलेगा। वही फ्लाईओवर के नीचे आकर्षक लैंडस्कैपिंग की जा रही है और पार्किंग स्थल भी सुनिश्चित किया जा रहा है। आने वाले समय में फ्लाईओवर की सुविधा लोगों को मिलने वाली है। नेशनल हाईवे से कनेक्टिंग शहरों की ओर जाने वालों को समय की भी बचत होगी।
भिलाई से दुर्ग मार्ग पर अलग नजारा
गुरुद्वारा चौक नेहरू नगर से लेकर दुर्ग जाने वाली सड़कों के किनारे अलग ही नजारा देखने को मिलेगा। इस पर भी काम अंतिम चरण पर है। सड़कों को पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा दुरुस्त किया जा चुका है। वहीं आकर्षक कलाकृतियां दीवारों पर उकेरी जा रही है। प्रकाश व्यवस्था सहित मनमोहक पौधों से यह सड़क सुसज्जित होगा। इस पर तेजी से कार्य हो रहा है।
सिविक सेंटर के अर्जुन रथ परिसर का कायाकल्प
शहर के व्यस्ततम क्षेत्र सिविक सेंटर में अर्जुन रथ परिसर का कायाकल्प हो रहा है। रात में आकर्षक लाइटिंग के साथ यह जगमगाने लगा है। भव्य गेट, आकर्षक लैंडस्कैपिंग, चलने के लिए पाथवे निर्माण तथा अर्जुन रथ को संवारने का काम किया जा रहा है। इसका कार्य भी लगभग अंतिम चरण पर है। कार्य पूर्ण होने पर यह अपने भव्य स्वरूप में नजर आएगा। इसी तरह नेहरू नगर में तारामंडल बनेगा। शहर के अंदरूनी क्षेत्रों जैसे हुडको, नेहरू नगर और नंदनी में भी सड़कें दुरूस्त हो रही हैं। इस बार हरियाली बढ़ाने सघन पौधरोपण का प्लान है। अनेक स्थानों पर शहर विकास के काम किए जा रहे हैं।
