एटीएम एवं बैंक में गार्ड, सेंसर, सीसी कैमरा, अलार्म सिस्टम को दुरुस्त करने दिए निर्देश, सुरक्षा प्रबंधों में चूक करने पर बैंकों के खिलाफ होगी कार्रवाई   

Share this

 

पुलिस ने ली बैंक अफसरों की बैठक 

दुर्ग न्यूज, 28 सितंबर। पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई के सभागार में बैंक अधिकारियों की बैठक ली गई। पुलिस अधीक्षक दुर्ग शलभ सिन्हा के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, दुर्ग संजय कुमार ध्रुव द्वारा जिले के सभी प्राइवेट एवं सरकारी बैंक के अधिकारियों की बैठक ली गई। बैठक में एसडीएम दीपक निकुंज, उप पुलिस अधीक्षक यातायात सतीश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर विश्व दीपक त्रिपाठी थाना प्रभारी सुपेला दुर्गेश शर्मा द्वारा बैंकों में सुरक्षा प्रबंध चाक-चौबंद करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैंक अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि सुरक्षा प्रबंधों में चूक बरतने वाले बैंकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिन बैंकों में गार्ड और सीसीटीवी की व्यवस्था नहीं होगी, उन बैंकों को पुलिस द्वारा नोटिस दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन दिनों बैंकों में आपराधिक वारदात सामने आ रही हैं। इन घटनाओं को रोकने के लिए बैंकों का सहयोग होना बेहद जरूरी है। बैंक अधिकारी स्वयं व बैंक के गार्ड बारे जानकारी नजदीकी थाने में अवश्य दें ताकि जरूरत के समय आपस में संपर्क हो सके। इसके अलावा बैंकों में सुरक्षा मानकों की समय-समय पर जांच अवश्य कराएं। बैंकों के अंदर व बाहर हाई रेज्यूलेशन के कैमरे लगे हों व इसमें ज्यादा से ज्यादा दिनों की रिकार्डिंग सेव रहे। बैंकों का अलार्म सिस्टम दुरूस्त हो व जहां कैश रखा जाता है, वहां सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हो। एटीएम में सुरक्षा गार्ड के साथ-साथ अच्छी क्वालिटी के सेंसर भी लगे हो। बैंक में या आसपास अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है तो तुरंत इस बारे में डायल 112 पर सूचना दें। सभी एटीएम में डायल 112 के नंबर, थाना प्रभारियों एवम वरिष्ठ अधिकारियों के नंबर चस्पा करने के निर्देश दिए गए।

Share this
READ MORE  अब छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विशिष्टताओं पर बात होती है: मुख्यमंत्री बघेल