
० गांजे के अवैध परिवहन के विरुद्ध लगातार की जा रही बड़ी कार्यवाही

दुर्ग न्यूज़ (सरायपाली), 16 मार्च। राज्य की सीमा पर स्थित सिंघोड़ा पुलिस द्वारा फिर गांजा तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही की गई। ओड़िशा से रायपुर ले जा रहे 2 गांजा तस्करों को मारुति कार में 57 लाख रुपये कीमती 114 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया।

इस संबंध में सिंघोड़ा थाना के टीआई महेश साहू ने बताया कि पुलिस अधीक्षक महासमुंद एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश व अभिषेक केसरी (एसडीओपी ) के मार्गनिर्देशन में थाना सिंघोडा एवं सायबर सेल के संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। ओड़िशा से छत्तीसगढ की ओर आ रही एक सफेद कलर की मारूति डिजायर कार क्रमांक OD 02 CG 2298 को रोका गया। वाहन में दो व्यक्ति सवार थे। वाहन के पीछे डिग्गी में गांजा रखकर फुलबानी ओडिशा से रायपुर ले जाना बताया। नाम पता पूछने पर अपना नाम वृंदाबन दंडिया पिता सिबा दंडिया उम्र 32 साल निवासी टेन्तुलिगड़ा थाना टिकाबली जिला फुलबानी ओडिशा तथा जोशोबंत दंडिया पिता विनोद दंडिया उम्र 23 साल निवासी टेन्तुलिगड़ा थाना टिकाबली जिला फुलबानी ओडिशा बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे डिग्गी में 114 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा मिला। आरोपियों के विरूद्ध थाना सिंघोडा में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत विधिवत कार्यवाही कर 114 किलोग्राम गांजा सहित कार जब्त किया गया है।
