बरसाना में खेली गई लड्डू मार होली, 5 लाख भक्तों ने जमकर उडा़या गुलाल-अबीर  

Share this

दुर्ग न्यूज़ (मथुरा), 19 मार्च। कान्हा नगरी मथुरा में लठामार होली से पूर्व रविवार को बरसाना के श्री लाडली जी मंदिर में लड्डू मार होली हुई। अबीर- गुलाल के उड़ते बादलों से अंबर रंगीन हो गया। लाडली जी के महल में लड्डुओं की बरसात हुई। नंदगांव के पांडा के नृत्य को देख श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। उधर, समाज गायन की चौपाई के साथ राधे- राधे के जयघोष से लाडली जी मंदिर भी गूंज उठा। राधा- कृष्ण के दिव्य प्रेम की लड्डू होली का आनंद लेने के लिए देश- दुनिया से श्रद्धालु बरसाना पहुंचे। शाम पांच बजे लाडली जी मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

वृषभानु नंदिनी भी शीश महल में विराजमान होकर भक्तों पर लड्डुओं की बरसात के साथ कृपा का सागर उड़ेल रहीं थीं। पूरा मंदिर परिसर अबीर- गुलाल की बरसात से अट गया। अबीर- गुलाल में सराबोर श्रद्धालु मस्ती के साथ नाच रहे थे। गोस्वामी समाज ने समाज गायन किया। नंदगांव से आए पाड़ा का पुजारी ने भानु बाबा की ओर से स्वागत किया। पाड़ा ने हर्ष से नृत्य किया। पुजारी और श्रद्धालुओं ने लड्डुओं को दर्शकों के बीच लुटाया। लोग प्रसाद रूपी लड्डुओं को पाने के लिए लालायित दिखे। मंदिर में करीब सवा घंटे तक चली इस लड्डू होली के दौरान टनों लड्डू लुटाए गए।

Share this
READ MORE  BIG BREAKING : 'झारखंड टाइगर' चंप‌ई बने न‌ए CM, राज्यपाल के सामने विधायकों ने चुना विधायक दल का नेता