डीजे में डांस का विवाद: आपस में भिड़े दो गुट, तीन युवकों की मौत, इलाके में फैली सनसनी

Share this

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गणेश चतुर्थी से पहले ही दो गुटों के आपसी विवाद में तीन लोगों की जान चली गई। मारपीट इतना भीषण था कि इस मारपीट में जिसके हाथ में जो लगा वह उससे ही एक दूसरे को पीटने लगा। घटना स्थल पर पड़े लकड़ी, डंडे, पत्थर, टूटी हुई कुर्सियों से अंदाजा लगाया जा सकता हैं कि दो गुटों में जमकर मारपीट हुई है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। दुर्ग एसपी ने अतिरिक्त बल लगाकर ग्राम नन्दनी खुंदनी को छावनी में तब्दील कर दिया। ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर पुलिस के समय पर न पहुंचने के लिए आक्रोश भी जताया। इस घटना के दुर्ग पुलिस की पुलिसिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र के ग्राम नंदिनी खुन्दिनी में 6 सितम्बर को रात 8 बजे पुराना शीतला मन्दिर गणेश समिति के डीजे में धन्नू यादव, करन यादव, वासु यादव, राजेश यादव और इनके अन्य साथी नाच रहे थे. जिसे लेकर शीतला पारा समिति ने आपत्ति जताई इस बीच धन्नू और आकाश पटेल में आपस में विवाद शुरू हो गया था। इस विवाद मे यादव मोहल्ला और शीलता पारा के युवाओं में जमकर मारपीट भी हुई। दूसरे दिन शनिवार को सुबह नंदनी गांव के बुजुर्गों ने बैठक कर दोनों गुटों को विवाद ख़त्म करने के लिए कहा। लेकिन गांव वालों की बात को नहीं मानते हुए शनिवार शाम लगभग आठ बजे वासु यादव ने आकाश पटेल को फोन किया, अगर तुझमें दम है तो शीतला मंदिर के पास आ जाना। धन्नू की धमकी सुनकर आकाश वहां पहुंच गया। यहां पर आकाश के पहुंचते ही धन्नू यादव ने मारपीट शुरू कर दी और आकाश पर चाकू से हमला कर दिया। उसके साथ करन यादव, वासु यादव, राजेश यादव भी आकाश को मारने लगे। यादव पारा के युवाओं द्वारा आकाश को मारते हुए देखकर आकाश के साथ गांव के अन्य 8 से 10 लड़के और वहां पहुंच गए और मिलकर धन्नू, करन, वासु और राजेश यादव को लाठी-डंडे, हाथ मुक्के आदि से बुरी तरह पिटाई कर दी. जिसके चोट से करन यादव, वासु यादव, राजेश यादव की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाते वक्त मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मारपीट में शामिल 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल आकाश पटेल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मारपीट के आरोपी धन्नू यादव को भी पुलिस ने हिरासत में लिया गया है। देर रात घटना स्थल पर एसपी जितेंद्र शुक्ला स्वयं पहुंचे थे। एडिशन एसपी वेदव्रत सिरमौर, एसडीओपी संजय पुंढीर तथा नंदनी थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने गांव के लोगों से पूछताछ की। फिलहाल पुलिस ने शवों के पंचनामे के बाद अहिवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला की मर्च्युरी में शिफ्ट कर दिया है।

READ MORE  मजहर खान के पोल्ट्री फार्म में बनता है मां बम्लेश्वरी का प्रसाद, खाद्य विभाग का छापा
Share this