


सामाजिक कार्यक्रम में हुआ विवाद, उड़िया समाज में आक्रोश
भिलाई। भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव के प्रतिनिधि निरंजन बिसाई, जुटिष्टी बिसाई उर्फ राजू सहित अन्य के खिलाफ वैशाली नगर थाना पुलिस ने मारपीट के आरोप में धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। वहीं इस घटना को लेकर समाज के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार सिम्हाद्री बिसाई पिता स्व विन्दावन बिसाई उम्र 48 नेहरूनगर अटल आवास वार्ड-4 थाना सुपेला ने वैशालीनगर पुलिस को शिकायत में बताया कि 6 अप्रैल को दोपहर 2 बजे जवाहर नगर स्थित श्री सिंधु पटरानी मदिर में प्रसाद वितरण का कार्य मंदिर समिति द्वारा किया जा रहा था। प्रसाद वितरण स्थल पर समिति द्वारा बैनर लगाया गया था। इस दौरान निरंजन बिसाई, जुटिष्टी बिसाई उर्फ राजू एवं अन्य द्वारा मंदिर में लगे बैनर को हटाते हुए निरंजन बिसाई ने अपने विधायक प्रतिनिधि वाला बैनर पोस्टर लगा दिया। कार्यक्रम में मौजूद समाज के लोगों ने इसका विरोध किया तो विधायक प्रतिनिधि निरंजन बिसाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर मारपीट शुरू कर दी। इससे सिम्हाद्री बिसाई और हरि दलाई को काफी चोंटे आई है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि ने जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद बड़ी संख्या में आक्रोशित उड़िया समाज के लोगों ने वैशाली नगर थाना का घेराव कर दिया। पश्चात प्रार्थी सिम्हाद्री बिसाई की शिकायत पर वैशाली नगर थाना पुलिस ने विधायक प्रतिनिधि निरंजन बिसाई, जुटिष्टी बिसाई उर्फ राजू सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
