


राजनांदगांव। जिले में 12 जुलाई 2009 को मानपुर के ग्राम कोरकोट्टी में नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए पुलिस अधीक्षक विनोद चौबे सहित 29 पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। यह दिन छत्तीसगढ़ की माटी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले इन वीर सपूतों की शहादत को नमन करने के लिए हर साल मनाया जाता है। उस समय राजनांदगांव जिले में आने वाला कोरकोट्टी अब मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले का हिस्सा है।
प्रति वर्ष की तरह, 12 जुलाई को जिले के रक्षित केंद्र और सभी थाना/चौकी/कैंप में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह 9 बजे शहीद विनोद चौबे जी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद, सुबह 9:20 बजे रक्षित केंद्र राजनांदगांव के शहीदों के स्मारक और मंगल भवन में वीर सपूतों की तस्वीरों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

शहीद परिवारों का सम्मान
मंगल भवन प्रांगण में उपस्थित शहीद परिवार के सदस्यों को शॉल और श्रीफल भेंट किए गए। उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित निराकरण का आश्वासन भी दिया गया।
पौधरोपण किया
पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज, अभिषेक शांडिल्य और पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग द्वारा मंगल भवन प्रांगण में पौधरोपण किया गया। जो शहीदों की याद में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग सहित जिले के कई अधिकारी और कर्मचारियों ने रक्तदान कर शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि दी।
