कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाता जा रहा है। शुक्रवार सुबह आयकर विभाग की टीम ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक देबाशीष कुमार के कोलकाता स्थित आवास और चुनावी कार्यालय पर एक साथ छापेमारी की।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सुबह करीब छह बजे दक्षिण कोलकाता के मनोहरपुकुर रोड स्थित उनके घर और दफ्तर पर शुरू की गई। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक इस कार्रवाई के पीछे की आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक, देबाशीष कुमार पहले भी एक कथित जमीन घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के दायरे में रहे हैं। उनसे कई बार पूछताछ भी की जा चुकी है। जांच एजेंसियां उनके एक कारोबारी से संभावित वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही हैं।
यह छापेमारी ऐसे समय पर हुई है जब उनकी राशबेहारी विधानसभा सीट पर चुनावी प्रक्रिया चल रही है। इस सीट पर 29 अप्रैल को मतदान और 4 मई को मतगणना प्रस्तावित है।
छापेमारी के दौरान मौके पर तनाव की स्थिति भी देखने को मिली, जहां टीएमसी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती करनी पड़ी।
इस कार्रवाई ने चुनाव से ठीक पहले बंगाल की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में इसका राजनीतिक असर और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
