

० सही दवा-शुद्ध आहार – यही छत्तीसगढ़ का आधार’’ थीम के अंतर्गत सघन जांच अभियान के पांचवां दिन
दुर्ग। जिले में 27 अप्रैल से 11 मई तक ’’सही दवा-शुद्ध आहार – यही छत्तीसगढ़ का आधार’’ थीम के अंतर्गत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पांचवें दिन भी अस्पतालों एवं उससे जुडे फार्मेसी में वेक्सीन स्टोरेज/कोल्ड चेन सुविधा का निरीक्षण किया गया। जुनवानी भिलाई स्थित अभिषेक मिश्रा अस्पताल श्री शंकराचार्य अस्पताल, नेहरू नगर स्थित हाईटेक अस्पताल में संचालित ओ.पी.डी. आई.पी.डी. एवं सेंट्रल मेडिकल स्टोर, राम नगर स्थित स्पर्श अस्पताल के तीनों ओ.पी.डी. आई.पी.डी. एवं सेंट्रल मेडिकल स्टोर तथा शा़त्री नगर भिलाई मे संचालित बी.एम. शाह अस्पताल के ओ.पी.डी.एवं सेंट्रल मेडिकल स्टोर में वेक्सीन स्टोरेज/कोल्ड चेन सुविधा का जांच किया गया। इस संबंध में रेफ्रिजरेटर टेम्परेचर डिस्प्ले, लागर रिकार्ड एवं वेक्सीन ट्रांसपोर्ट सुविधा/वैक्सीन कैरियर उपलब्धता की जांच की गई। साथ ही वैक्सीन के क्रय-विक्रय रिकार्ड का मिलान किया गया, इस प्रकार कुल 10 फर्मों के वैक्सीन स्टोर का निरीक्षण किया गया।समस्त संस्थानों में वैक्सीन का संधारण नियमानुसार उचित तापमान पर पाया गया। समस्त फर्मो को औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम 1940 एवं नियम 1945 का कडाई से पालन करते हुए फर्म संचालन के निर्देश दिये गए। । भविष्य में भी इस तरह की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

इसी प्रकार खाद्य शाखा द्वारा जांच अभियान दुर्ग में संचालित हॉटल कैम्बियन, हॉटल गारनेट, अरिहंत रेस्टॉरेंट, सूर्या पैलेस, मेसर्स केएफसी. मिस्टर इडली, इंडियन कॉफी हाउस, वृंदावन हॉटल की जांच/निरीक्षण खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत् किया गया, जिसमें संचालकों को उचित साफ-सफाई के साथ व्यवसाय संचालित करने का निर्देश दिया गया। उन्हें अखबारी पेपर उपयोग नहीं करने व जले तेल का उपयोग बार-बार नहीं करने एवं वेज-नानवेज को पृथक-पृथक संधारण किये जाने व कर्मचारियों को हेडकैप, ग्लब्स, एपरॉन उपयोग में लाने हेतु हिदायत दी गई एवं निर्देशित किया गया कि नियमों का उल्लंघन पाये जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
