

रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में मंगलवार की देर रात गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने लाइसेंसी पिस्टल से अपनी दो सालियों पर गोली चला दी। जिसमें दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. वहीं एक गीतांजलि नाम की युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक उसको सर में गोली लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक पंडरी थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई घटना में आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान घर में कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपनी दोनों सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

गोली लगने से दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों के मुताबिक एक की मृत्यु हो गई और दूसरी युवती की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस और पुलिस कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंच गई। इलाके को घेरकर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र वर्मा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है। पुलिस जांच कर रही है।
