

केदारनाथ। केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर बीती रात भारी बारिश के कारण सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच तीन स्थानों पर भूस्खलन हो गया, जिससे यात्रा मार्ग अस्थायी रूप से बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्थिति की समीक्षा करते हुए मार्ग जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते लगभग आधा घंटा के भीतर पैदल मार्ग को आंशिक रूप से खोल दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। रात भर राहत एवं निगरानी अभियान जारी रहा।
इसी बीच यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और 19 मई तक 6.94 लाख से अधिक यात्री केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं।
