CG Weather : नौतपा के पहले ही दिन बेहाल, रायपुर समेत कई शहरों में पारा 45 डिग्री पार, लू का ऑरेंज अलर्ट

Share this

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी के साथ हुई है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। लू के थपेड़ों ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं माना (रायपुर) में 45.7 डिग्री, मुंगेली में 45.4 डिग्री, दुर्ग में 45.2 डिग्री तथा रायपुर और बिलासपुर में 45.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तापमान 44 डिग्री के आसपास बना रहा। सक्ती, बेमेतरा, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, गरियाबंद और महासमुंद समेत कई जिलों में लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ा।

राहत के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने की वजह से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है।

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, मुंगेली, राजनांदगांव, महासमुंद, बेमेतरा, गरियाबंद, कोरबा, जांजगीर-चांपा समेत कई जिलों में ग्रीष्म लहर को लेकर अगले 48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

राजधानी रायपुर में आज भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

READ MORE  कामधेनु विश्वविद्यालय के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर जीते पुरस्कार 

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Share this