एकतरफा प्यार में कत्ल: बात करने से इनकार पर युवती की बेरहमी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Share this

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-2.jpeg

रायपुर से धारदार हथियार लेकर भिलाई पहुंचा था आरोपी, हत्या के बाद कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने की कोशिश

http://durgnews.in/wp-content/uploads/2026/07/SR-Hospital-1.jpeg

भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का दुर्ग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे युवती खुशी साहू की रूममेट ने परिजनों को सूचना दी कि खुशी अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। संदेह के आधार पर लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24 वर्ष), निवासी सकरी, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद 11 जुलाई को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवती से एकतरफा प्रेम करता था। जब युवती ने उससे बातचीत करने से साफ इनकार कर दिया तो उसने पहले से हत्या की योजना बनाई। वह रायपुर से धारदार हथियार लेकर भिलाई पहुंचा। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट पहनी थी और पैंट के अंदर बरमूडा भी पहन रखा था।

READ MORE  यूपी के झांसी थर्मल पावर प्लांट में मच बवाल, कोयले के बीच 2 किलो का हीरा! चौंधिया गईं आंखें, बिगड़ी नीयत और फुर्र हो गया इंजीनियर

कमरे में दोनों के बीच विवाद होने पर आरोपी ने पहले युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने अपने कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए, ताकि पुलिस को कोई सबूत न मिल सके।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी जांच, वैज्ञानिक साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के चलते इस जघन्य हत्याकांड का महज 24 घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

Share this